
हाथरस 27 अक्टूबर । शहर के गौशाला रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ और विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा एडवोकेट प्रवीना राजावत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन स्मृति पाठक ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रेनू गौड़ ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान पार्टी द्वारा शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर बनाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जनता को स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने और उनकी खरीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके और आयात पर निर्भरता कम की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, आत्मनिर्भर भारत अभियान उसी दिशा में एक ठोस कदम है। विशिष्ट अतिथि एडवोकेट प्रवीना राजावत ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा केवल आर्थिक मजबूती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना आत्मनिर्भर भारत का सपना अधूरा है, इसलिए हर महिला को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए हमें नवाचार, उद्यमिता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना होगा। जब हर भारतीय ‘मेड इन इंडिया’ वस्तुओं को प्राथमिकता देगा, तभी देश आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक मजबूती का प्रतीक नहीं बल्कि यह आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक भी है। अभियान की जिला संयोजक एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर चौधरी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस सपने को साकार करने का माध्यम है, जिसमें 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भारत रक्षा उत्पादों के लिए विदेशी देशों पर निर्भर था, लेकिन आज मिसाइल, ड्रोन और रक्षा उपकरण निर्माण में देश आत्मनिर्भर बन रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिन वस्तुओं के निर्माण में हमारे देश के नागरिकों का परिश्रम लगा है, वे सभी स्वदेशी उत्पाद हैं, और हमें इन्हीं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की खरीद और उपयोग से हम न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सकते हैं बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे अपने परिवारों को भी स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करें। जिलाध्यक्ष ने स्वदेशी अपनाने का संकल्प पत्र भरा, जिसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों महिलाओं ने भी संकल्प पत्र भरकर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का प्रण लिया।
कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक शालिनी पाठक, क्षेत्रीय सह-संयोजक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे, मीरा महेश्वरी मंचासीन रहीं। इस अवसर पर पूनम सेंगर, सपना दीक्षित, बबीता वर्मा, बबली सिंह, संतोष पौरूष, सीमा वर्मा, शकुंतला गौतम, राजकुमारी चौहान, नीतू कुशवाहा, मनीष गोस्वामी, संतोष जोशी, गुड़िया सिंह, बेबी वर्मा, मिथिलेश चौहान, सुशील चौहान, प्रियांशी वार्ष्णेय, बबिता वर्मा सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया और उपस्थित सभी महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।












































