
हाथरस 25 अक्टूबर। जे.टी.आर.आई. लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रशान्त कुमार के मार्गदर्शन में जनपद न्यायालय हाथरस में कर्मचारियों के सतत् सीखने हेतु एक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिवार न्यायालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें रीडर राजकुमार राजपूत द्वारा न्यायालय के समस्त तृतीय श्रेणी कर्मचारीगण को सामान्य नियमावली (क्रिमि.), न्यायिक प्रक्रियाओं एवं परिपत्रों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान रीडर राजकुमार राजपूत ने कर्मचारियों को बताया कि सभी कर्मचारीगण को अपने-अपने न्यायालयों की पत्रावलियों का रखरखाव स्वयं करना चाहिए तथा न्यायिक कार्यप्रणाली से संबंधित पत्र एवं परिपत्रों के प्रति सदैव अधतन (अपडेटेड) रहना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने वारंट, स्थायी वारंट, एवं विभिन्न प्रपत्रों की नकल जारी करने या न करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त न्यायालयीय कार्य से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी कर्मचारियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य न्यायालय के कर्मचारियों में कार्यकुशलता, जिम्मेदारी एवं विधिक जानकारी को सुदृढ़ करना है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।














































