
सिकंदराराऊ (हसायन) 24 अक्टूबर । कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एच.आर.पी.) दिवस के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के अंतर्गत हर सप्ताह की नौ, सोलह, तेइस और तीस तारीख को एच.आर.पी. दिवस मनाया जाता है। इस बार तेइस अक्टूबर को भैया दूज के पर्व के कारण अवकाश होने के कारण एच.आर.पी. दिवस का आयोजन नहीं किया गया था। इसी वजह से 24 अक्टूबर को स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंकुश सिंह के दिशा-निर्देशन में यह शिविर आयोजित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में महिला चिकित्सक और स्टाफ नर्सों की टीम ने 21 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान दो गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी घोषित किया गया। शिविर में प्रथम बार गर्भधारण करने वाली नौ महिलाओं का तीन महीने के अंतराल पर स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। हालांकि, शासन के आदेश पर गर्भवती महिलाओं के नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा इस समय बंद होने के कारण कई महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, भैया दूज के पर्व पर विवाहिताएं अपने मायके चली गई थीं, जिसके कारण स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। इस वजह से महिला स्वास्थ्य कार्यकत्रियां गर्भवती महिलाओं के आने का इंतजार करती दिखाई दीं।
