
हाथरस 22 अक्टूबर । कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव बामौली निवासी गायत्री पुत्री सुरेशचन्द्र की शादी 25 फरवरी 2020 को कृष्ण गोपाल उर्फ लाला पुत्र मुरारीलाल निवासी नगला ओझा थाना चन्दपा के साथ हुई थी। शादी में पिता ने करीब 10 लाख रुपए खर्च किया था। जिसमें 2,51,000 रुपए नगद दिया था। आरोप है कि शादी में दिये गये सामान से ससुराल के लोग पति, सास, जेठ, जेठानी सन्तुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज में 5 लाख रुपए व एक कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। फरवरी 2021 में विवाहिता ने बेटी को जन्म दिया। जिसकी उम्र अब करीब 4 वर्ष है। आरोप है कि पुत्री के जन्म के बाद से तो ससुरालीजनों का अत्याचार और बढ गया। आरोप है कि करीब 3 वर्ष पूर्व विवाहिता को पुत्री के साथ घर से निकाल दिया। काफी प्रयासों के बाद 20 अप्रैल 2025 को पंचायत के माध्यम से बुलाकर ले गये, लेकिन रवैया नहीं बदला। आरोप है कि 27 अप्रैल 2025 को ससुराल के लोग जबरन विवाहिता व उसकी बेटी को मायके लेकर आ गये। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर गाली गलौज कर मारपीट की और धमकी दी कि अगर दहेज की मांग पूरी किये बिना वापिस आयी तो जान से मार देगें। इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।













