
हाथरस 16 अक्टूबर । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में जनपद हाथरस में “मिशन शक्ति फेस-5.0” अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्म-निर्भरता पर जोर देते हुए जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में चौपालें आयोजित की गईं। महिला बीट अधिकारियों ने गांव, कस्बा, स्कूल, कालेज, बस स्टैंड और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं/बालिकाओं को सुरक्षा उपाय, हेल्पलाइन नंबर, साइबर अपराध से बचाव और महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। महिलाओं को 1090-वीमेन पावर लाइन, 181-महिला हेल्पलाइन, 108-एम्बुलेंस, 1076-मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112-पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098-चाइल्ड लाइन और 102-स्वास्थ्य सेवा जैसे नंबरों के बारे में जागरूक किया गया। अभियान में उपस्थित छात्राओं/महिलाओं को बताया गया कि वे कभी भी आवश्यकता पड़ने पर मिशन शक्ति केन्द्र या थाने में बेझिझक अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। साथ ही साइबर अपराधों और महिला उत्पीड़न के मामलों से बचाव के लिए सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जनपद की एन्टी रोमियो टीम द्वारा मंदिर, बाजार और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी गई, संदिग्धों की चेकिंग की गई और महिलाओं के उत्पीड़न पर प्रभावी अंकुश लगाने के उपाय किए गए। पुलिस अधिकारियों ने अभियान के दौरान महिलाओं/बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया। इस अभियान के अंतर्गत सभी को संबंधित पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, ताकि महिलाएं निर्भीक होकर अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।














