
हाथरस 13 अक्टूबर । शहर में आज देर शाम भगवान वाल्मीकि की विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो रोडवेज बस स्टैंड से प्रारंभ हुई। सांसद अनूप प्रधान, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार उर्फ गुड्डू चौधरी और ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। शोभायात्रा से पहले पूजा-अर्चना की गई और अतिथियों का स्वागत किया गया। सांसद अनूप प्रधान ने लोगों से भगवान वाल्मीकि के बताए मार्ग पर चलने और स्वयं व अपने बच्चों को शिक्षित करने की अपील की। शोभायात्रा में वाल्मीकि समाज के राजू पाथरे, प्रेम बिहारी चटर्जी, अर्जुन वाल्मीकि और रत्नेश चटर्जी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। शोभायात्रा में भगवान वाल्मीकि के साथ गणेश जी, भोलेनाथ, मां दुर्गा और डॉ. बी.आर. अंबेडकर की मनोहारी झांकियां भी शामिल थीं। बैंड-बाजों और भक्ति संगीत के बीच कलाकारों ने अपने करतब प्रस्तुत किए। शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और दोपहर 3 बजे से शहर के यातायात मार्ग डायवर्ट कर दिए गए थे।
देखें शोभायात्रा की 5 तस्वीरें…













