
सादाबाद 12 अक्टूबर । क्षेत्र के जैतई गांव निवासी 55 वर्षीय लाखन सिंह पुत्र लाल सिंह की सर्पदंश से मृत्यु हो गई। यह घटना शनिवार को जैतई मार्ग स्थित एक मैरिज होम में सफाई कार्य करते समय हुई। जानकारी के अनुसार, लाखन सिंह मैरिज होम में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। शनिवार को वे फार्म हाउस के आगे और पेड़ों के निचले हिस्से की सफाई कर रहे थे, तभी एक सर्प ने उन्हें काट लिया, जिससे वे अचेत हो गए। परिजनों को सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और लाखन सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें बचाने में असमर्थता जताई। इसके बाद परिजन उन्हें बायगीरों के पास भी ले गए, लेकिन देर रात तक वहां भी कोई सफलता नहीं मिली और अंततः उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक लाखन सिंह के दो बेटे भारतीय सेना में लेह-लद्दाख में तैनात हैं। पिता की मृत्यु की सूचना मिलने पर वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके आने के बाद गांव में लाखन सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद घटना से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।










