
हाथरस 10 अक्टूबर । मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया है कि उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से “विकसित उत्तर प्रदेश 2047” की योजना और विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। इस दिशा में प्रदेश भर में सुझाव संकलन अभियान चलाया जा रहा है, जो पहले 5 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2025 तक निर्धारित था। अब इस अभियान की अवधि बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2025 तक कर दी गई है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों की आकांक्षाओं और सुझावों को विजन डॉक्यूमेंट में शामिल करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से राज्य के विकास की दिशा तय करना है। इसके लिए सरकार द्वारा “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” नाम से एक विशेष पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in विकसित किया गया है, जिस पर नागरिक सेक्टरवार फीडबैक दे सकते हैं। अभियान के तहत विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद कर शिक्षा, कृषि, चिकित्सा, ग्रामीण विकास, उद्योग और सामाजिक उत्थान जैसे क्षेत्रों से सुझाव एकत्र किए जा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने जिले के सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और आमजन को पोर्टल पर फीडबैक देने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही “विकसित उत्तर प्रदेश @2047” का सपना साकार हो सकता है।