हाथरस 10 अक्टूबर । हाथरस जनपद के विकास खंड मुरसान के ग्राम ताजपुर में आज कृषक सुमित कुमार के खेत में धान की क्रॉप कटिंग जिलाधिकारी राहुल पांडेय की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने खेत में पहुंचकर फसल की गुणवत्ता और पैदावार का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर बताया कि क्रॉप कटिंग सर्वे का मुख्य उद्देश्य फसल की औसत पैदावार का सही अनुमान लगाना, गुणवत्ता का मूल्यांकन करना, और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। क्रॉप कटिंग के दौरान 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र से 23.4 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। पूरी प्रक्रिया को भारत सरकार के कृषि उत्पादन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया गया।
यह तकनीकी व्यवस्था कृषि उपज के सटीक आंकड़े संकलित करने, नीति निर्माण, मूल्य निर्धारण, और बीमा मूल्यांकन में पारदर्शिता लाने में मदद करती है। इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से बीज, उर्वरक, कीटनाशक और खेती की आधुनिक विधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यदि किसान आधुनिक तकनीक और नवाचारों को अपनाएं, तो न केवल पैदावार बढ़ेगी, बल्कि फसल की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि क्रॉप कटिंग जैसी वैज्ञानिक प्रक्रियाएं किसानों और प्रशासन दोनों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि इनके माध्यम से वास्तविक उत्पादन का आंकलन कर कृषि नीति और मूल्य निर्धारण में सटीक डेटा प्राप्त किया जा सकता है। इस मौके पर नायब तहसीलदार, कृषि विभाग के कर्मचारी तथा स्थानीय किसान मौजूद रहे।