हाथरस 09 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय गौशाला रोड हाथरस पर आज आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हाथरस लोकसभा के सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” पार्टी द्वारा प्रारंभ किया गया एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर बनाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। इस अभियान के तहत नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि देश की आयात पर निर्भरता कम हो सके।
सांसद ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा एक ऐसे सशक्त भारत की है जो आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से मजबूत हो। इसके लिए नवाचार, उद्यमिता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उसी दिशा में यह अभियान एक मजबूत कदम है। उन्होंने आगे कहा कि पहले भारत रक्षा उत्पादों सहित कई वस्तुओं के लिए विदेशों पर निर्भर था, किंतु प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच के चलते आज रक्षा उत्पादन, मिसाइल एवं ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। सांसद ने कहा कि “जिन वस्तुओं के निर्माण में हमारे देशवासियों का श्रम और पसीना लगता है, वे सभी स्वदेशी उत्पाद हैं। इन्हें अपनाकर हम अपने देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बना सकते हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान संयोजक, भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर चौधरी उपस्थित रहे।