सासनी 04 अक्टूबर । भारत विकास परिषद संस्कार शाखा सासनी के तत्वावधान में “भारत को जानो प्रतियोगिता” के तहत एस.बी.एस. यूनियन पब्लिक स्कूल, कोमल सिटी सासनी में मौखिक प्रश्न मंच प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इससे पूर्व 22 विद्यालयों में लिखित परीक्षा कराई गई थी, जिसमें अपने-अपने विद्यालय में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 84 छात्र-छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता और स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुआ। अतिथियों में प्रमुख रूप से प्रांतीय महासचिव प्रभात वार्ष्णेय (रजनीश), प्रांतीय संस्कार संयोजिका प्रज्ञा वार्ष्णेय, शाखा मार्गदर्शक निर्देश वार्ष्णेय, कार्यक्रम संयोजक डॉ. विकास सिंह, शाखा अध्यक्ष पं. खगेंद्र शास्त्री, शाखा सचिव ज्ञानेन्द्र कुशवाहा, कोषाध्यक्ष नवीन वार्ष्णेय, संस्कार संयोजक अम्बुज जैन, संपर्क संयोजक महेंद्र सिंह दीवानिया, पर्यावरण संयोजक शिवकुमार कुशवाहा, लक्ष्मण सिंह, प्रेमदत्त शर्मा, आशीष भार्गव सहित कई अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रांतीय महासचिव प्रभात वार्ष्णेय (रजनीश) ने छात्रों को प्रतियोगिता के नियमों से अवगत कराया। प्रतियोगिता कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में विभाजित थी, जिसमें तीन-तीन राउंड कराए गए। प्रतियोगिता का सफल संचालन प्रज्ञा वार्ष्णेय और अम्बुज जैन ने संयुक्त रूप से किया, जबकि निर्णायक मंडल में प्रभात वार्ष्णेय (रजनीश), प्रेमदत्त शर्मा, आशीष भार्गव एवं निर्देश वार्ष्णेय शामिल रहे।
परिणामों में कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्रकाश एकेडमी सासनी, द्वितीय स्थान कन्या इंटर कॉलेज सासनी को मिला। वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान कन्या इंटर कॉलेज सासनी, द्वितीय स्थान के.एल. जैन इंटर कॉलेज सासनी को प्राप्त हुआ। दोनों वर्गों की प्रथम स्थान प्राप्त टीमें 12 अक्टूबर को होने वाली प्रांतीय स्तर की भारत को जानो प्रतियोगिता में सासनी शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र, विद्यालयों को स्मृति पत्र, तथा अध्यापकों को उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके उपरांत सभी छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और अभिभावकों को स्वल्पाहार कराया गया। अंत में शाखा अध्यक्ष पं. खगेंद्र शास्त्री ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।