हाथरस 03 अक्टूबर । आगरा रोड स्थित ब्रज कला केन्द्र में विजयदशमी पर्व एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन, कार्यकारिणी शपथग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर ब्रजधाम ब्रज कला केन्द्र मथुरा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गोयल, राष्ट्रीय महामंत्री राजेन्द्र प्रसाद गोयल भगत, डॉ. पीपी सिंह तथा डॉ. विकास शर्मा ने किया। समारोह का संचालन आशु कवि अनिल बौहरे एवं संस्था अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कृपा भवन की संस्थापक कैलाश कुमारी और कृष्ण गोपाल वार्ष्णेय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं नेताजी स्मृति सम्मान से दिनेश शर्मा तथा डॉ. ओ.पी. शर्मा, पूर्व डीन आगरा विश्वविद्यालय को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कवि सम्मेलन की शुरुआत बाबा दैवी सिंह ‘निडर’ की सरस्वती वंदना से हुई। बाल कवि पुनीत उपाध्याय और बाल कवयित्री धारणा कौशिक ने अपने गीतों से श्रोताओं को बचपन की याद दिलाई। इसके अलावा कवयित्रियों मीरा दीक्षित, वीना गुप्ता, सोनाली वार्ष्णेय, रूपम कुशवाह, चाहत शर्मा और सीमा शर्मा ने विजयदशमी, गांधी जी और शास्त्री जी पर अपनी भावपूर्ण रचनाएँ प्रस्तुत कीं। हास्य और व्यंग्य से सराबोर कविताएँ गाफिल स्वामी (इगलास), सुख प्रीत सिंह ‘सुक्खी’ (शाहजहांपुर), डॉ. चाचा हाथरसी सहित कई कवियों ने सुनाकर दर्शकों को गुदगुदाया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ब्रज कला हाथरस की 48 सदस्यीय कार्यकारिणी का शपथग्रहण समारोह रहा। इसमें अध्यक्ष पद पर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य, वरिष्ठ महामंत्री वीना गुप्ता एडवोकेट, उपाध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी सहित विभिन्न उपाध्यक्ष, महासचिव, मंत्री, सांस्कृतिक मंत्री, कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता एवं व्यवस्था संरक्षक पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। समारोह में लगभग 100 से अधिक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे, जिनमें पत्रकार, साहित्यकार, चिकित्सक, अधिवक्ता एवं समाजसेवी शामिल थे। सभी अतिथियों और कवियों का सम्मान किया गया। कविताओं, शपथग्रहण और सम्मान समारोह के कारण पूरा कार्यक्रम उल्लास और उत्साह से सराबोर हो उठा।