हाथरस 01 अक्टूबर । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के अंतर्गत जनपद भर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महिला बीट पुलिस अधिकारियों एवं एंटी रोमियो टीमों ने थाना क्षेत्रों में गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं व छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान थानों पर चौपाल आयोजित कर महिला संबंधित समस्याओं के निस्तारण कराने की पहल की गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं व छात्राओं को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी, जिनमें—
-
1090 वीमेन पावर लाइन
-
181 महिला हेल्पलाइन
-
108 एम्बुलेंस सेवा
-
1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
-
112 पुलिस आपातकालीन सेवा
-
1098 चाइल्ड लाइन
-
102 स्वास्थ्य सेवा
साथ ही थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के बारे में बताया गया, जहां महिला कर्मी महिलाओं की शिकायतें सुनकर समाधान करती हैं। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध और उससे बचाव के तरीकों की भी जानकारी दी। छात्राओं व महिलाओं को भरोसा दिलाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे निर्भीक होकर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। एंटी रोमियो टीमों द्वारा लगातार निगरानी करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की गई और महिलाओं-छात्राओं को सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। जनपद पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के साथ-साथ समाज में आत्मविश्वास और जागरूकता का माहौल बनाना है।