सादाबाद 30 सितम्बर । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 का शुभारंभ 22 सितम्बर 2025 से किया गया है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, संरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। यह अभियान दो मुख्य कार्यक्षेत्रों – ‘संबल’ (सुरक्षा) और ‘सामर्थ्य’ (सशक्तिकरण व आत्मनिर्भरता) – पर केंद्रित है। आज पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने थाना सादाबाद पर स्थापित महिला शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, क्षेत्राधिकारी सादाबाद अमित पाठक, थाना प्रभारी सादाबाद और प्रभारी निरीक्षक परिवार परामर्श केंद्र सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
महिला शिकायतों का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता
उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने पर आने वाली महिला फरियादियों की शिकायतें शालीनता से सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने थाना क्षेत्र में सतर्क दृष्टि रखने, मंदिरों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर गहन चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा हेतु महिला पुलिस कर्मियों व एंटी रोमियो टीम की निरंतर पेट्रोलिंग पर भी जोर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह
महिला शक्ति केंद्र के उद्घाटन उपरांत मिशन शक्ति अभियान के तहत एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें छात्राओं व महिलाओं ने कविताओं, भजनों, लोकगीतों और रंगोलियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
साइबर अपराधों से बचाव पर जागरूकता
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्हें साइबर अपराधों से बचाव हेतु आवश्यक जानकारी दी गई और बताया गया कि किसी भी उत्पीड़न, छेड़छाड़ या फ्रॉड की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचित करें।
महिला शक्ति केंद्र की मुख्य सेवाएँ
महिला शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी –
-
कानूनी सहायता – मुफ्त कानूनी परामर्श एवं मार्गदर्शन
-
मनोवैज्ञानिक परामर्श – प्रशिक्षित काउंसलरों द्वारा सहयोग
-
हेल्पलाइन सहायता – (112, 181, 1090, 1098) नंबर की जानकारी व मदद
-
सुरक्षा एवं संरक्षण – असुरक्षित स्थिति में त्वरित कार्यवाही
-
रोजगार व स्वावलंबन – सरकारी योजनाओं की जानकारी व पंजीकरण सुविधा