
हाथरस 25 सितम्बर । भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, हाथरस में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शरद माहेश्वरी ने की, जबकि मुख्यातिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश मंत्री बहन पूनम बजाज उपस्थित रही। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। संगोष्ठी में मुख्यातिथि पूनम बजाज ने अपने संबोधन में उपाध्याय जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उपाध्याय जी का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा जिले के “नगला चन्द्रभान” ग्राम में हुआ था। कानपुर में बीए की पढ़ाई के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव पाया और आजीवन संघ के प्रचारक बने। उन्होंने ‘भारतीय जनसंघ’ की स्थापना और उपाध्याय जी के योगदान के बारे में बताते हुए कहा कि उपाध्याय जी एकात्म मानववाद और स्वदेशी आर्थिक मॉडल के समर्थक थे। उनका मानना था कि आर्थिक विकास का मुख्य उद्देश्य सामान्य मानव का सुख होना चाहिए। जिला अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने कहा कि उपाध्याय जी ने जनसंघ की आर्थिक नीति का निर्माण किया और भारत के लिए स्वदेशी आर्थिक दृष्टिकोण विकसित करने में योगदान दिया। संगोष्ठी में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने भी उपस्थित होकर विचार साझा किए। कार्यक्रम में जिला कार्यालय के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें हरीशंकर राना, रूपेश उपाध्याय, सत्यपाल मदनवत, महेंद्र सिंह आचार्य, रामकुमार माहेश्वरी, हरीश सेंगर, भूपेंद्र कौशिक, मीरा माहेश्वरी सहित अन्य प्रमुख सदस्य शामिल थे। हाथरस के 15 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर भी उपाध्याय जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई।














