मथुरा 18 अगस्त । राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट, मथुरा की मेधावी छात्रा सलोनी सिंह (बीसीए बैच 2022–25) ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उसने डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की बीसीए परीक्षा 2025 में 84.56 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम रैंक हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। सलोनी सिंह को इस शानदार उपलब्धि के लिए 20 अगस्त को विश्वविद्यालय के 91वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल तथा कुलपति आशु रानी के करकमलों से स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
यह पहला अवसर नहीं है जब राजीव एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च अंक हासिल किए हों। इससे पूर्व सत्र 2022 में सुरभि अग्रवाल और सत्र 2023 में तृप्ति कश्यप ने बीसीए परीक्षा में सर्वोच्च अंकों के साथ स्वर्ण पदक हासिल किए थे। अब सलोनी सिंह ने उस परम्परा को आगे बढ़ाते हुए संस्थान को एक बार फिर से विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष स्थान दिलाया है।
मेधावी सलोनी की इस शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की उच्च स्तरीय शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुभवी शिक्षकों और विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राजीव एकेडमी का उद्देश्य हमेशा से छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन प्रदान करना रहा है। सलोनी सिंह की सफलता इस बात का प्रमाण है कि संस्थान प्रतिभाओं को निखारने के लिए सर्वश्रेष्ठ वातावरण उपलब्ध कराता है। उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल और प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने सलोनी को बधाई देते हुए कहा कि राजीव एकेडमी विद्यार्थियों को केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं बल्कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। यही कारण है कि राजीव एकेडमी के विद्यार्थी लगातार विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज कर रहे हैं।
निदेशक डॉ. अभिषेक सिंह भदौरिया ने कहा कि सलोनी सिंह की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है बल्कि यह पूरे संस्थान की शैक्षणिक श्रेष्ठता का प्रतीक है। राजीव एकेडमी का लक्ष्य हमेशा से रहा है कि विद्यार्थी आत्मनिर्भर बनें और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हों। सलोनी की यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी। बीसीए विभागाध्यक्ष चन्द्रेश दुबे ने कहा कि सलोनी सिंह ने न केवल अपनी कड़ी मेहनत से शानदार सफलता अर्जित की है बल्कि अपने अनुशासन, नियमित अध्ययन और विषयों में गहरी समझ से भी सबको प्रभावित किया है। यह उपलब्धि बीसीए विभाग के लिए गर्व का विषय है और आने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
सलोनी सिंह की इस सफलता से पूरे राजीव एकेडमी परिवार में प्रसन्नता का माहौल है। शिक्षकों और सहपाठियों ने बधाई देते हुए कहा कि सलोनी का अनुशासन और परिश्रम सिद्ध करता है कि लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। राजीव एकेडमी का निरंतर स्वर्णिम रिकॉर्ड यह संदेश देता है कि संस्थान न केवल शिक्षा प्रदान करने बल्कि करियर निर्माण और उत्कृष्ट उपलब्धियों में भी अग्रणी है।