Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 16 अगस्त । आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के शैक्षिक संस्थानों में शुक्रवार को उत्साह और उमंग के बीच सभी संस्थान प्रमुखों तथा छात्र-छात्राओं ने शान से तिरंगा फहराते हुए 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम पेश करते हुए अमर शहीदों को नमन किया तथा देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान देने का संकल्प लिया। आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि आजादी इंसान के जीवन का अभिन्न अंग है जिसे हम प्रतिदिन महसूस करते हैं। जब हम स्वतंत्रता की बात करते हैं, तो यह केवल बाहरी सत्ता से मुक्ति नहीं होती बल्कि यह हमारे विचारों, कार्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी है। यह वह अधिकार है जो हमें जीवन को अपने तरीके से जीने का अवसर प्रदान करता है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर देश की स्वतंत्रता को संरक्षित और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी है। उन्हें यह समझना होगा कि स्वतंत्रता केवल एक उपहार नहीं बल्कि यह एक जिम्मेदारी है।
के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारे देश की स्वतंत्रता की कहानी सदियों पुराने संघर्ष की कहानी है। इस संघर्ष की शुरुआत 1857 की क्रांति से होती है, जिसे भारत का पहला स्वतंत्रता संग्राम कहा जाता है। श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता हमारे पूर्वजों का एक स्वप्न था, जिसे उन्होंने अपनी खुली आंखों से देखा। उनका सपना एक ऐसा भारत बनाने का था, जहां अमीरी-गरीबी से परे हर व्यक्ति को समान अधिकार मिले और अन्याय का कोई स्थान न हो। उन्होंने कहा कि यह सपना आज भी हमारा मार्गदर्शक है, हमें इस दिशा में लगातार प्रयासरत रहना चाहिए।
के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर में ध्वजारोहण डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने किया। डॉ. अशोका ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस साल की थीम- स्वतंत्रता का सम्मान, भविष्य को प्रेरणा, है। यह थीम युवा पीढ़ी के लिए एक ऐसा संदेश है, जिसके बिना देश का विकास असम्भव है। डॉ. वी.पी. पांडेय ने कहा कि आज इतिहास का सबसे गौरवशाली दिन है। 1947 में इसी दिन हमें अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली थी। यह दिन न सिर्फ हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक है बल्कि यह हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष की याद भी दिलाता है।
डॉ. आर.के. अशोका, डॉ. वी.पी. पांडेय, डॉ. मंजू पांडेय, डॉ. के.पी. दत्ता, डॉ. एस.के. बंसल, डॉ. अमनजोत कौर चौहान, डॉ. संध्या लता आदि ने देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति के लिए 2022 सत्र के मेडिकल छात्र-छात्राओं अभय तोमर, सावनी, सायली, सुहानी, आयुष कुमार, आकांक्षा, अदिति, स्वरांजलि, पूनम, समराधिनी, काजल, श्रुति, दिव्या, उत्कर्षा, तनीशा शर्मा, कनिष्का, खुशी, कृष्णा यादव आदि को नकद पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल में ध्वजारोहण डीन और प्राचार्य डॉ. मनेश लाहौरी ने किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक दिन नहीं बल्कि यह हमारे गौरव, हमारे बलिदान और हमारे संकल्प का दिन है। आज जब हम इस दिन को मनाते हैं तब हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि अपने देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट में भी हर्षोल्लास के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. अभिषेक सिंह भदौरिया ने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वह समाज और देश के विकास में अपना योगदान दे ताकि हम सब उस भारत का निर्माण कर सकें, जोकि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था। जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस में ध्वजारोहण के बाद संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि हमें जो आजादी मिली है, उसकी रक्षा करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी ही राष्ट्र के विकास की धुरी है।
राजीव इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाध्यापिका प्रिया मदान ने नन्हें-मुन्ने बच्चों के नयनाभिराम देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आजादी हमें अमर शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली है। इस दिन हमें राष्ट्र निर्माण, देश के विकास व रक्षा का संकल्प लेने के साथ महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन में उतारना चाहिए। राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी में ध्वजारोहण निदेशक डॉ. हिमांशु चोपड़ा ने किया। उन्होंने ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं से राष्ट्रचिंतन करते हुए देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। के.डी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस में ध्वजारोहण प्राचार्य एन.पी. चानू ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पूर्वजों ने शांति और खुशी की धरती दी है, जहां हम बिना भेदभाव के रह सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि देश के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें हर पल, हर क्षण किसी भी आपात स्थिति के लिये तैयार रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page