सादाबाद 13 अगस्त । भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने बुधवार दोपहर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए चौधरी चरण सिंह तिराहे पर समाप्त हुई। किसान नेताओं ने भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
नायब तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। किसानों ने अमेरिका के साथ एफटीए का विरोध किया। उनका कहना है कि अमेरिका द्वारा लगाए गए 25 टैरिफ से भारत की संप्रभुता को खतरा है। यूके से प्रोसेस्ड फूड, डेयरी, सब्जियों और फलों का बढ़ता आयात किसानों की आय को प्रभावित कर रहा है।
किसानों ने नवंबर में घोषित कृषि विपणन पर राष्ट्रीय नीति ढांचे का भी विरोध किया। उनका कहना है कि मंडियों का निजीकरण और मशीनीकरण किसानों के हित में नहीं है। जुलाई में घोषित नई सहकारी नीति पर भी आपत्ति जताई गई। किसानों की प्रमुख मांगों में सभी फसलों के लिए एमएसपी की गारंटी और सरकारी खरीद शामिल है। उन्होंने समग्र कर्ज माफी की मांग की। माइक्रो फाइनेंस कंपनियों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न को रोकने की मांग भी की गई। किसानों का कहना है कि कृषि संकट के कारण वे ऋण चुकाने में सक्षम नहीं हैं।