हाथरस 07 अगस्त । भाई-बहन के अटूट प्रेम और रक्षा-संवेदनाओं का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन इस वर्ष 9 अगस्त दिन शनिवार को पूरे दिन हर्षोल्लास और शुभ योगों के साथ मनाया जाएगा। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा, जिससे पूरे दिन राखी बांधने का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस बार बहनें निसंकोच और किसी शंका के बिना पूरे दिन अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध सकेंगी। चार-चार योगों की उपस्थिति से यह पर्व धन, समृद्धि, रिश्तों में मजबूती और शुभ फलदायकता को लेकर भी विशेष माना जा रहा है।
भद्रा रहित रहेगी पूर्णिमा तिथि
श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि का शुभारंभ 8 अगस्त को दोपहर 2:12 बजे से होगा और यह 9 अगस्त को दोपहर 1:21 बजे तक रहेगी। चूंकि पूर्णिमा की उदया तिथि 9 अगस्त को होगी, अतः रक्षाबंधन पर्व 9 अगस्त को ही मनाया जाएगा।
चार दुर्लभ शुभ योग बनाएंगे पर्व को विशेष
इस बार रक्षाबंधन पर चार अत्यंत शुभ संयोगों की उपस्थिति पर्व को और भी खास बना रही है:
- सर्वार्थ सिद्धि योग: सुबह 5:47 बजे से दोपहर 2:23 बजे तक
- सौभाग्य योग: दिन भर शुभ कार्यों के लिए अनुकूल
- शोभन योग: हर्ष, समृद्धि और सकारात्मकता लाने वाला
- शुभ संयोग: सभी कार्यों में मंगलकारी
अभिजीत मुहूर्त
राखी बांधने के लिए दोपहर 12:17 से 12:13 (PM) तक का अभिजीत मुहूर्त सर्वोत्तम माना गया है। (यह मुहूर्त तात्कालिक श्रेष्ठता दर्शाता है, यद्यपि पूरे दिन राखी बांधना शुभ है।)