हाथरस 21 अगस्त । मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. विजय सिंह ने जानकारी दी है कि राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एफ.एम.डी. (मुंहपका-खुरपका) टीकाकरण अभियान आगामी 23 जुलाई 2025 से शुरू होकर 05 सितम्बर 2025 तक 45 दिनों तक चलाया जाएगा। इस अभियान में 17 टीमें गठित की गई हैं जो पशुपालकों के घर-घर जाकर उनके पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। टीकाकरण के लिए आवश्यक वैक्सीन जनपद मुख्यालय पर उपलब्ध है। जनपद हाथरस में कुल 5,42,225 पशुधन मौजूद है, जिनमें से 1,24,447 गाय, 4,17,778 महिषवंशीय पशु (भैंस आदि) को टीकाकृत किया जाएगा।अभियान की शुरुआत जनपद की समस्त गौशालाओं/गौ आश्रय स्थलों से की जाएगी। टीकाकरण कार्य में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, पशुचिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट और पशुमित्रों की टीमें सक्रिय रूप से शामिल रहेंगी। टीकाकरण के बाद उसी दिन संबंधित पशु और पशुपालक का पूरा विवरण “भारत पशुधन एप” पर अपलोड किया जाएगा।
टैगिंग अनिवार्य
जिन पशुओं का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, उनके लिए टीकाकरण से पहले कान में टैग/छल्ला लगाया जाना अनिवार्य होगा। बिना टैग वाले पशुओं का पहले टैगिंग, उसके बाद ही टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने सभी पशुपालकों और ग्राम प्रधानों से अपील की है कि वे टीकाकरण व टैगिंग कार्य में सहयोग करें ताकि जनपद में पशु रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान सफल हो सके।
कंट्रोल रूम व नोडल अधिकारी
अभियान के प्रभावी संचालन हेतु डॉ. गोपाल सिंह (पशुचिकित्साधिकारी) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहाँ पर किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए 8765957904, 8218379987 पर संपर्क किया जा सकता है।