हाथरस 10 जुलाई । आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा 11 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक विशेष यातायात व्यवस्था एवं रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह रूट डायवर्जन हर सप्ताह शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। श्रावण मास के दौरान कासगंज और बुलंदशहर जनपदों से बड़ी संख्या में कांवड़िए विभिन्न घाटों से जल भरकर शिवालयों की ओर रवाना होते हैं। उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारू यातायात संचालन के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
रूट डायवर्जन की प्रमुख व्यवस्था
- आगरा से आने वाले मध्यम/बड़े वाहन – थाना चंदपा क्षेत्र के नगला भुस तिराहा, से बाईपास होते हुए बाएं हतीसा पुल के रास्ते अलीगढ़ की ओर भेजे जाएंगे।
- अलीगढ़ से आने वाले वाहन – थाना हाथरस गेट क्षेत्र के रूहेरी तिराहा से मथुरा-बरेली बाईपास होते हुए राया होकर यमुना एक्सप्रेसवे से मथुरा/आगरा की ओर जाएंगे।
- सिकंद्राराऊ से आने वाले वाहन – थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू बाईपास से मथुरा-बरेली बाईपास होकर रूहेरी/राया होते हुए अलीगढ़, आगरा, मथुरा की ओर।
- मथुरा की ओर से आने वाले वाहन – हतीसा पुल (बाईपास) से होकर सीधे आगरा व अलीगढ़ की दिशा में प्रवेश करेंगे।
- जलेसर से आने वाले वाहन – चामड़ गेट चौराहा → डीआरबी तिराहा → नगला भुस → बाईपास के माध्यम से आगरा/अलीगढ़/मथुरा की ओर।
- कासगंज जाने वाले वाहन – सर्दला पुल से बाईपास होकर एटा के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे।
- एटा से आने वाले वाहन – पंत चौराहा से अलीगढ़ बाईपास होते हुए आगे की ओर भेजे जाएंगे।
महत्वपूर्ण प्रतिबंध
हर शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार दोपहर 12:00 बजे तक
कासगंज से मथुरा रोड तथा अलीगढ़ से आगरा रोड पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
आपातकालीन सेवाएं रहेंगी सुचारू
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड व अन्य आपातकालीन वाहनों को स्थिति अनुसार निर्धारित रूट से चलने की अनुमति रहेगी।