सादाबाद 03 जुलाई । क्षेत्र के गांव नगला कली में युवक ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पत्नी प्रेमी के साथ रह रही थी। पति अपने 3 साथियों के साथ उसके घर पहुंचा, पत्नी और प्रेमी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पत्नी की मौत हो गई, प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की जांच जारी है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पति के साथ आया एक युवक भी घायल हो गया। प्रेमी को सहपऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, पति के साथ आए घायल युवक को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करन अपनी प्रेमिका गौरी की लाश को लेकर बैठा है। उसके सिर से भी खून निकल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ अमित पाठक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना कोतवाली सहपऊ के गांव नगला कली की है। गौरी (24) अलीगढ़ के नुमाइश ग्राउंड की रहने वाली थी। उसने करीब 3 साल पहले कासगंज के नसरतपुर में रहने वाले आदित्य से लव मैरिज की थी। आदित्य पल्लेदारी करता है। लेकिन, करीब 4 महीने पहले उसका करन से अफेयर हो गया था। करन आदित्य के मामा का बेटा है। उसका आदित्य के घर आना-जाना था। इसी बीच गौरी से उसकी नजदीकी बढ़ गई। करन एक होटल में काम करता है। जब यह बात परिवार वालों को पता चली, तो घर में झगड़ा होने लगा। इसके बाद गौरी करन के साथ थाने पहुंची। वहां उन्होंने पुलिस को बताया कि वे एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और साथ रहना चाहते हैं। बालिग होने की वजह से पुलिस ने भी गौरी को अपनी मर्जी से जाने दिया। इसके बाद करन गौरी को अपने मौसा रंजीत के घर नगला कली में ले गया। वहां 26 जून से करन और गौरी एक साथ रह रहे थे। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे गौरी का पति आदित्य 3 साथियों के साथ दो बाइक से वहां पहुंचा। उसने बिना कोई सवाल-जवाब किए गौरी और करन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने गौरी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गौरी को बचाने के लिए करन हमलावरों से भिड़ गया। इस पर हमलावरों ने उस पर भी चाकू से वार कर दिए। इसमें करन गंभीर रूप से घायल हो गया। इस झड़प में एक हमलावर अमन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की गिरफ्तारी में जुटी है। करन के भाई राज कुमार ने बताया- मेरे भाई ने गौरी से कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। करीब 8 दिन से वह नगला कली रह रहा था। आज उस पर हमला हुआ है। गौरी के पहले पति ने हमला किया है। गौरी से उसका पति आदित्य शराब पीकर मारपीट करता था। आदित्य मेरे मामा का लड़का है। इस दौरान मेरे भाई करन के गौरी से संबंध हो गए। दोनों सहमति से साथ रहने लगे। पिछले 8-10 दिन से दोनों नगला कली में रह रहे थे। आज आदित्य अपने कुछ साथियों के साथ आया। उसने गौरी की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी और मेरे भाई को भी घायल कर दिया।पुलिस के अनुसार मृतका की डेडबॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद है।