Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 जुलाई । जनपद हाथरस में “वृक्षारोपण अभियान-2025” को सफल बनाने हेतु प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में आज मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित द्वारा करवन नदी तथा विकास खण्ड मुरसान की ग्राम पंचायत रामगढ़ में वृक्षारोपण स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी राकेश चन्द्र यादव, वन दरोगा आशीष कुमार, और अपर शासकीय अधिकारी धर्मवीर सिंह उपस्थित रहे। वन दरोगा आशीष कुमार ने जानकारी दी कि करवन नदी के दोनों किनारों पर 7 किलोमीटर के क्षेत्र में कुल 12,500 पौधों का रोपण किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि इस वृक्षारोपण अभियान में सभी ग्राम पंचायतों के प्रधान, ग्राम स्तरीय कर्मचारी, नागरिकों और विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। वृक्षारोपण के दिन सभी संबंधित ग्रामों के महिला समूहों को आमंत्रित किया जाएगा ताकि यह अभियान जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बन सके। इसी क्रम में ग्राम पंचायत रामगढ़ की 8 बीघा चरागाह भूमि का निरीक्षण भी किया गया, जिसे वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त पाया गया है। ग्राम प्रधान नागेन्द्र सिंह की उपस्थिति में बताया गया कि भूमि का समतलीकरण कार्य कराया जा चुका है, तथा चारों ओर तार फेंसिंग कर गेट भी लगाया गया है। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी और प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि का चिन्हांकन कराकर शीघ्र वृक्षारोपण की कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की जैव विविधता, जल संरक्षण, एवं सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page