मुंबई 13 जून । मध्य पूर्व में ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखने लगा है। शुक्रवार सुबह मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI129 तीन घंटे हवा में रहने के बाद वापस मुंबई लौट आई। फ्लाइट रडार 24 के आंकड़ों के मुताबिक, विमान ने सुबह 5:39 बजे उड़ान भरी थी और लगभग तीन घंटे की उड़ान के बाद पायलट को विमान वापस लाना पड़ा। एअर इंडिया ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ईरान में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
ईरान ने बंद किया हवाई क्षेत्र, कई उड़ानें डायवर्ट या रद्द
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा है कि ईरान में हालात अत्यंत संवेदनशील हैं और वहां का हवाई क्षेत्र फिलहाल बंद कर दिया गया है। इसके चलते एयर इंडिया की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को या तो डायवर्ट किया गया है या वे अपने मूल स्थान पर लौट रही हैं।
प्रभावित उड़ानों की सूची
AI129 – मुंबई-लंदन फ्लाइट वापस मुंबई लौटी
AI119 – मुंबई-न्यूयॉर्क फ्लाइट वापस लौटी
AI103 – दिल्ली-वाशिंगटन फ्लाइट वापस दिल्ली लौटी
AI106 – नेवार्क-दिल्ली फ्लाइट वापस लौटी
AI188 – वैंकूवर-दिल्ली फ्लाइट जेद्दा की ओर मोड़ी गई
AI101 – दिल्ली-न्यूयॉर्क फ्लाइट फ्रैंकफर्ट/मिलान की ओर मोड़ी जा रही है
AI126 – शिकागो-दिल्ली फ्लाइट जेद्दा की ओर डायवर्ट
AI132 – लंदन-बंगलूरू फ्लाइट शारजाह की ओर मोड़ी गई
AI2016 – लंदन-दिल्ली फ्लाइट विएना की ओर डायवर्ट
AI104 – वाशिंगटन-दिल्ली फ्लाइट विएना की ओर गई
AI190 – टोरंटो-दिल्ली फ्लाइट फ्रैंकफर्ट की ओर मोड़ी गई
AI189 – दिल्ली-टोरंटो फ्लाइट वापस दिल्ली आ रही है
AI130 – लंदन-मुंबई फ्लाइट विएना की ओर मोड़ी गई
AI102 – न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट शारजाह की ओर डायवर्ट
AI116 – न्यूयॉर्क-मुंबई फ्लाइट जेद्दा की ओर मोड़ी गई
AI2018 – लंदन-दिल्ली फ्लाइट मुंबई की ओर डायवर्ट
एअर इंडिया ने यात्रियों से मांगी माफी, दी रिफंड और रि-शेड्यूलिंग की सुविधा
एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। कंपनी ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों, आवास और खानपान की सुविधाएँ दी जा रही हैं। यदि कोई यात्री फ्लाइट कैंसल करना या अपनी यात्रा का समय बदलना चाहता है, तो उसे पूरी रिफंड और नई बुकिंग की सुविधा दी जा रही है।
इस्राइल-ईरान टकराव बना वजह
इस घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में इस्राइल द्वारा ईरान पर चलाया गया सैन्य ऑपरेशन “राइजिंग लायन” है। इस ऑपरेशन में इस्राइली वायुसेना ने ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद ईरानी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने पूरा हवाई क्षेत्र बंद करने की घोषणा की। सुरक्षा कारणों से इस्राइल ने भी अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है और अपनी उत्तर व दक्षिण सीमाओं पर आपात तैयारी बढ़ा दी है।