हाथरस 13 जून । अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट के गुरुवार को हुए भयावह हादसे में 265 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घटना के मद्देनज़र आज भाजपा जिला कार्यालय हाथरस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी के नेतृत्व में किया गया। श्रद्धांजलि सभा में न सिर्फ विमान हादसे के मृतकों बल्कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जी के निधन पर भी गहरा शोक प्रकट किया गया। सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु प्रार्थना की गई। इस अवसर पर लोकसभा सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने हादसे को भारत के विमानन इतिहास की अब तक की सबसे भयावह दुर्घटना बताते हुए कहा कि, “एयर इंडिया की यह फ्लाइट उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। दुर्भाग्यवश, एक यात्री को छोड़कर सभी की मृत्यु हो गई। मृतकों में कई छात्र भी शामिल हैं।” भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने कहा, “इस हादसे ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। हर नागरिक इस भीषण त्रासदी से व्यथित है। हम प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से हरिशंकर राणा, रूपेश उपाध्याय, हरीश सेंगर, डम्वेश कुमार चक, अनुराग अग्निहोत्री, रामकुमार महेश्वरी, भूपेंद्र कौशिक, सोनिया नारंग, कुशल पाल सिंह पौरुष, भीकम सिंह चौहान, सुनीता वर्मा, अरुण चौधरी, भोला सिंह रावत, कृष्ण मुरारी वार्ष्णेय, राजेश सिंह गुड्डू, प्रदीप शर्मा, गजेंद्र राणा, विष्णु बघेल, गुरदीप राज निरंकारी, नीरेश सिंह, सुचेता जॉन सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।