हाथरस 21 मई । आज मंगलवार की रात हाथरस में मौसम ने अचानक करवट ली। देर रात तेज धूल भरी आंधी के बाद बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि, आंधी और बारिश ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तबाही भी मचाई। वहीँ जगह-जगह पेड़ टूटने से हाइवे पाए जाम लग गया।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर गिर गए। बिजली के आधा दर्जन से अधिक पोल और 11 हज़ार की हाईटेंशन लाइनें टूटने से विद्युत आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। शहर में कई होर्डिंग्स भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गए, जिससे जनसंपत्ति को नुकसान पहुंचा। इससे शहर से लेकर गांवों तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। पेड़ गिरने से कई स्थानों पर यातायात अवरुद्ध हो गया। आम जनजीवन प्रभावित हुआ। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा था। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोग गर्मी से परेशान थे, लेकिन रात को मौसम में अचानक बदलाव आया। रात करीब 9 बजे के बाद आसमान में तेज बिजली कड़की और धूल भरी आंधी चली। इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से पूरे शहर में अंधेरा छा गया। बाजारों में भी सन्नाटा पसर गया और लोग जल्द ही अपने घरों की ओर लौटने लगे। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रशासन द्वारा आपदा नियंत्रण को लेकर संबंधित विभागों को सतर्क किया गया है।