हाथरस 24 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में जनपदभर में “ऑपरेशन जागृति फेज-04” के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण, संवाद और परामर्श के माध्यम से उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी देना रहा। समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और एन्टी रोमियो टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय महिलाओं को सुरक्षा उपायों, महिला हेल्पलाइन नंबरों, कल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के मुख्य बिंदु :
– महिलाओं के प्रति अपराध से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 181, 112, 1098 आदि की जानकारी।
– लव रिलेशनशिप, घरेलू हिंसा, साइबर बुलिंग, नशे की लत और वैवाहिक समस्याओं से संबंधित मुद्दों पर संवाद।
– साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग और सावधानियाँ।
– पारिवारिक विघटन के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव हेतु व्यवहारिक सुझाव।
पुलिस अधिकारियों का संदेश
अधिकारियों ने बताया कि आज की बदलती सामाजिक और तकनीकी परिस्थितियों में महिलाओं को सजग और सशक्त होना आवश्यक है। पुलिस प्रशासन महिलाओं और बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार के अपराध में तत्परता से सहयोग करेगा, बशर्ते कि पीड़िता बिना संकोच पुलिस से संपर्क करे। छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना निडर होकर पुलिस को दें। इसके लिए सभी हेल्पलाइन और एप्लीकेशन का प्रयोग पूरी निर्भीकता से किया जाए। ऑपरेशन जागृति फेज-04 महिला सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है, जो जनजागरूकता, संवाद और कानूनों की जानकारी के ज़रिये महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रहा है।