हाथरस 22 अप्रैल । मुरसान थाना क्षेत्र के नगला अनी गांव में खेतों पर बने एक घर में उस समय चोरी हो गई जब घर के लोग गेहूं निकलवाने के लिए खेत पर गए हुए थे। लौटने पर घर का दरवाजा खुला देखकर परिजन हैरान रह गए। घर से सोने की चेन, दो अंगूठी और ई-रिक्शा का चार्जर चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़ित संजय सिंह पुत्र विजय कुमार निवासी नगला अनी ने बताया कि उनका मकान उनके खेत पर ही बना हुआ है और वहीं उनका पूरा परिवार रहता है। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे वह परिजनों के साथ गेहूं निकलवाने गए थे। शाम करीब 5 बजे जब वह वापस लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ है।
घर में अंदर जाकर देखा तो अलमारी से सोने की एक चेन, दो अंगूठियां और ई-रिक्शा का चार्जर गायब था। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित संजय सिंह ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में चोरी की इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।