हाथरस 19 अप्रैल । बागला डिग्री कॉलेज में आज “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की अवधारणा से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के लागू होने से सरकारी संसाधनों की बर्बादी रुकेगी, सुरक्षा बलों पर दबाव कम होगा और नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव का खर्च लगभग 1.35 लाख करोड़ रुपये रहा, जो कि 2019 की तुलना में लगभग दोगुना है। यदि सभी चुनाव एक साथ कराए जाएं, तो अनुमानित 4.5 लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, जो देश की जीडीपी का लगभग 1.5% है। यह धनराशि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और बुनियादी ढांचे के विकास में उपयोग की जा सकती है। अध्यक्ष बबीता सिंह ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव का निर्णय व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एक परिवर्तनकारी कदम सिद्ध होगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने भी सरकार की इस पहल पर अपने विचार व्यक्त किए। नगर पालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष स्वेता चौधरी ने कहा कि सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील है और समय-समय पर अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुनीता वर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुचेता जोन द्वारा किया गया।
इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना जिला संयोजक ऊषा पाठक एवं ब्रज क्षेत्र की सह सयोजक शालिनी पाठक, नगर उपाध्यक्ष राजकुमारी चैहान, पूनम शर्मा नगर मंत्री एवं बबली सिंह, बबिता वर्मा, भाजपा कार्यकत्री एवं छात्राऐं आदि उपस्थित रहीं।