सिकंदराराऊ 08 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर सिकंदराराऊ विधायक कार्यालय पर एक “सक्रिय सदस्य सम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे हाथरस लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सिकंदराराऊ विधायक बीरेंद्र सिंह राणा मंच पर उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में गोपाल सिंह ठाकुर (पूर्व जिलाध्यक्ष, अलीगढ़) और शिवनारायण शर्मा (जिला महामंत्री) ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन का शुभारंभ भाजपा के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। मंडल अध्यक्ष द्वारा सभी अतिथियों का प्रतीक चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि ने कहा कि आज देश के 13.5 करोड़ से अधिक नागरिक भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों से जुड़े हैं। 10 लाख से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा में लगे हैं। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी नीतियों से देश के हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। विधायक बीरेंद्र सिंह राणा ने अपने वक्तव्य में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी कार्यकर्ताओं से “विकसित भारत” के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया। सम्मेलन का संचालन जयपाल सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह (ब्लॉक प्रमुख), मोहित बघेल (जिलाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा), पंकज गुप्ता, मुकुल गुप्ता, सचिन दीक्षित, गजेंद्र सिंह, सुनील सिंह ठाकुर, जितेंद्र राजपूत, मीरा माहेश्वरी, दीपक उपाध्याय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।