सहारनपुर 02 अप्रैल । सहारनपुर में ईद की नमाज के बाद अंबाला रोड पर निकाले गए जुलूस में मुस्लिम युवकों ने फलस्तीन का झंडा लहराया और नारेबाजी की। पुलिस ने इस मामले में 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। फलस्तीन का झंडा लहराने और फलस्तीन के समर्थन में नारेबाजी करने वाले मुस्लिम समुदाय के युवकों की धरपकड़ की जा रही है।प्रसारित वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करीब 30 आरोपितों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे से 9:45 बजे के बीच ईदगाह से लौट रहे मुस्लिम समाज के लोगों ने बिना अनुमति अंबाला रोड पर जुलूस निकाला था। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों ने फलस्तीन का झंडा लहराते हुए उत्तेजक नारेबाजी भी की थी। इतना ही नहीं घंटाघर पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगाने का भी प्रयास किया गया था। पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात को सुचारू कराया था। मामले का वीडियो प्रसारित होने पर नगर कोतवाली में 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी व्याेम बिंदल ने कहा कि दूसरे देश का झंडा लहराने, बिना अनुमति जुलूस निकालने और नारेबाजी करने के मामले में 70 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अबतक 30 से ज्यादा लोगों की पहचान कर चुकी है। अन्य आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गागलहेड़ी का मामला भी संज्ञान में है। इसकी भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।