हाथरस 28 नवंबर। शैक्षिक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक चेतना, तकनीकी नवाचार और शिक्षकों के व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दून पब्लिक स्कूल, में शनिवार को सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई), नोएडा के तत्वावधान में रिसोर्स पर्सन्स मीट एवं हाई टी के साथ कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (सीटी), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छह जनपदों के 90 से अधिक प्रधानाचार्यों एवं सीबीएसई रिसोर्स पर्सन्स ने सहभागिता की, जबकि विद्यार्थियों ने 200 से अधिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी मॉडल प्रदर्शित किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य, सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर एवं कार्यक्रम के वेन्यू डायरेक्टर जे.के. अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, नोएडा की सहायक प्राध्यापक, संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख मौशुमी सरकार तथा सीबीएसई सीओई, नोएडा के अवर सचिव गुलाब सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने पायलट परेड के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद तिलक, पुष्पवर्षा और गुलाब भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से एआई, रोबोटिक्स एवं विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
‘युवा मस्तिष्कों में नवाचार की ज्योति जगाकर भविष्य का निर्माण’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी में दूनाइट्स ने 200 से अधिक वैज्ञानिक, तकनीकी एवं नवाचारपरक मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें रोबोटिक्स के कार्यशील मॉडल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, कोडिंग, STEM गतिविधियां, अंतरिक्ष विज्ञान और विभिन्न वैज्ञानिक परियोजनाएं शामिल रहीं। मौशुमी सरकार और गुलाब सिंह ने प्रदर्शनी में प्रत्येक मॉडल का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से उनकी परियोजनाओं के वैज्ञानिक सिद्धांत, कार्यप्रणाली और व्यावहारिक उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता, विषय की समझ, आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण कौशल की सराहना की। विशेष रूप से विद्यार्थियों द्वारा अंग्रेजी भाषा में सहजता और आत्मविश्वास के साथ जटिल वैज्ञानिक एवं तकनीकी अवधारणाओं को समझाने की क्षमता ने अतिथियों को प्रभावित किया।
प्रदर्शनी के बाद विद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सीबीएसई रिसोर्स पर्सन्स मीट आयोजित हुई। इसमें हाथरस, आगरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज और मथुरा जनपदों के 90 से अधिक प्रधानाचार्यों एवं रिसोर्स पर्सन्स ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य, सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर एवं कार्यक्रम के वेन्यू डायरेक्टर जे.के. अग्रवाल ने स्वागत संबोधन में कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। विषयवस्तु आधारित शिक्षण से दक्षता आधारित शिक्षा, पारंपरिक पद्धतियों से अनुभवात्मक अधिगम और सूचना अर्जन से आलोचनात्मक चिंतन की ओर शिक्षा आगे बढ़ रही है। एआई समर्थित शिक्षण वातावरण में शिक्षकों की भूमिका भी निरंतर बदल रही है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास में सीबीएसई रिसोर्स पर्सन्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य वक्ता मौशुमी सरकार और गुलाब सिंह ने रिसोर्स पर्सन्स के दायित्वों, व्यावसायिक आचरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर समय से पहुंचने, अवसर के अनुरूप वेशभूषा, विषयवस्तु की पूर्व तैयारी, प्रभावी प्रस्तुतीकरण, प्रतिभागियों के साथ सकारात्मक संवाद, समय प्रबंधन और प्रशिक्षण के बाद प्राप्त फीडबैक को गंभीरता से लेने जैसे बिंदुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान प्रधानाचार्यों और रिसोर्स पर्सन्स ने प्रशिक्षण सत्रों के आवंटन, प्रशिक्षण के अवसरों, मानदेय एवं भुगतान प्रक्रिया तथा फीडबैक की प्रामाणिकता और वस्तुनिष्ठता जैसे विषयों पर सवाल रखे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। यह सत्र रिसोर्स पर्सन्स के व्यावसायिक विकास और सीबीएसई तथा विद्यालयों के बीच शैक्षिक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में उपयोगी रहा।
कार्यक्रम के अंत में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आगरा के प्रधानाचार्य आलोक एडवर्ड ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सीबीएसई के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न जनपदों से आए प्रधानाचार्यों, रिसोर्स पर्सन्स और आयोजक विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शुभम गर्ग ने किया। राष्ट्रगान के साथ औपचारिक कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद अतिथियों एवं प्रतिभागियों का समूह छायाचित्र लिया गया। हाई टी के दौरान शिक्षाविदों ने आपस में अनुभव साझा किए और शैक्षिक सहयोग को लेकर संवाद किया। इस अवसर पर विद्यालय के नए ध्येयवाक्य के साथ विद्यालय के लोगो का पुनः अनावरण भी किया गया। आयोजन विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और तकनीकी दक्षता को मंच देने के साथ-साथ शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।








