Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 अक्टूबर। विजयदशमी पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आगरा रोड स्थित एमजी पॉलीटेक्निक ग्राउंड में रावण दहन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने रावण दहन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए क्राउड कंट्रोल, यातायात व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने रावण दहन के दौरान अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने आग से बचाव और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहे और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपदवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से दशहरा आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने पर्व के दौरान शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page