
हाथरस 23 नवंबर। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण समारोह भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘द एपिक श्रीराम’ रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं सुप्रसिद्ध अभिनेता अरुण गोविल उपस्थित रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर बीएलएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन बी.एल. शर्मा सहित प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भव्य भजन संध्या एवं संपूर्ण रामायण का मंचन रहा। संगीत, नृत्य, प्रभावशाली संवादों और आकर्षक मंच सज्जा के माध्यम से विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर दिया। भगवान श्रीराम के चरित्र को पर्दे पर साकार करने वाले अरुण गोविल को अपने बीच देखकर उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा आयोजन भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की सुंदर झलक प्रस्तुत करता नजर आया।
मुख्य अतिथि अरुण गोविल ने अपने संबोधन में पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने लोकप्रिय संवादों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। समारोह में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लगभग 750 पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। लगातार तीन वर्षों तक शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, खेलकूद में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले, 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा सर्वांगीण विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तीन विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित ‘स्टार ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से नवाजा गया। सीबीएसई कक्षा 10वीं में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले सौहार्या वाशनेय, कक्षा 12वीं की टॉपर याशिका गौर, जिन्होंने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, तथा लगातार उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ शास्त्रीय नृत्य में कला उत्सव के मंडल स्तर के लिए चयनित पार्विका जैन को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

आयोजन में लगभग 4000 अभिभावकों एवं अतिथियों ने सहभागिता की। अभिभावकों ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। विद्यालय परिसर पूरे समय उत्सव और उल्लास के माहौल में सराबोर रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विद्या बार्टक्के ने मुख्य अतिथि अरुण गोविल, चेयरमैन बी.एल. शर्मा, प्रबंधन समिति, अभिभावकों एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन प्रभु श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का संदेश देते हुए हुआ। यह भव्य वार्षिकोत्सव विद्यालय परिवार के लिए एक यादगार और गौरवपूर्ण आयोजन बन गया।










