Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 29 नवंबर। एटा-अलीगढ़ रोड पर बिलार गांव के पास शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एटा की ओर से आ रहे दो तेज रफ्तार कैंटरों में से एक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि होटल की किचन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वहां रखा सामान बिखर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय होटल का स्टाफ सुरक्षित बच गया। कैंटर की टक्कर से होटल की किचन को भारी नुकसान पहुंचा। होटल के बाहर खड़ी मालिक की स्विफ्ट कार भी कैंटर की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उनकी होंडा बाइक भी टूट गई। होटल मालिक के मुताबिक, किचन, कार और बाइक को हुए नुकसान को मिलाकर लाखों रुपये की क्षति हुई है। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत से तैयार किया गया होटल कुछ ही पलों में बुरी तरह प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों कैंटरों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। बताया गया है कि कैंटरों में दो लोग सवार थे। हादसे के बाद एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि एक चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। मामले में होटल मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। होटल मालिक ने हुए नुकसान की भरपाई कराने और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। साथ ही हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की अपील की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page