सादाबाद (सहपऊ) 29 नवंबर। क्षेत्र के गांव ढकपुरा के निकट रविवार तड़के करीब तीन बजे 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से किसान का चार बीघा पुआल जलकर राख हो गया। हादसे में किसान को भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, गांव ढकपुरा निवासी किसान रामवीर ने रजवाहे की पटरी के किनारे अपने चार बीघा खेत का पुआल एकत्रित कर रखा था। रविवार तड़के विद्युत लाइन का तार टूटकर पुआल के ऊपर गिर पड़ा, जिससे उसमें आग लग गई और देखते ही देखते पूरा पुआल जलकर राख हो गया।
पीड़ित किसान रामवीर ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर पर सो रहे थे। सुबह जागने पर उन्हें पुआल जलने की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि पुआल जल जाने से अब उन्हें अपने पशुओं के चारे के लिए बाहर से इंतजाम करना पड़ेगा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस को अभी तक इस घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। लिखित शिकायत मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









