
हाथरस 28 नवम्बर । मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव किंदौली निवासी कादिर (25) टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता था। शुक्रवार देर रात वह मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर पैदल सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल कादिर को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कादिर अपने पीछे एक बच्चे और गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए। इस संबंध में कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं है।







