सादाबाद 28 नवम्बर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत सादाबाद इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने नगर के लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ नायब तहसीलदार शिवकुमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थी हाथों में जागरूकता संदेश लेकर नगर के विभिन्न मार्गों और प्रमुख स्थानों से गुजरे। इस दौरान उन्होंने नारों के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने नागरिकों से अपील की कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता मतदान अवश्य करे। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव अथवा भेदभाव में आए बिना निष्पक्ष और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। नगर भ्रमण के बाद रैली विद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर नायब तहसीलदार शिवकुमार ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व को समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए मतदाता जागरूकता आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मो. इमरान, धर्मवीर सिंह, कपिल गुप्ता, मेवाराम, संजयपाल सिंह, प्रदीप गौतम, निकेश कुमार तिवारी, महेश चंद्र शर्मा, कृष्णकांत गौतम, गुलवीर सिंह, प्रशांत कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








