सादाबाद (सहपऊ) 28 नवम्बर । कस्बे से धर्मशाला चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक मालिक बाल-बाल बच गया। पीड़ित रजत कुमार निवासी जाटवपुरी ने घटना के संबंध में कोतवाली में लिखित तहरीर दी है।
रजत कुमार के अनुसार, वह धर्मशाला मार्ग पर अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर पास की एक दुकान पर दुकानदार से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय वह बाइक के पास मौजूद नहीं था और कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने संबंधित कार को कब्जे में ले लिया है और घटना की जांच की जा रही है।








