
हाथरस 28 नवंबर। बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम की रोकथाम के लिए शासन द्वारा संचालित विशेष अभियान के तहत में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार बच्चों को रेस्क्यू किया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट), श्रम विभाग और जिला प्रोबेशन विभाग की टीम ने यह अभियान चलाया। रेस्क्यू किए गए बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि चार दुकान मालिकों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी रवि भूषण शर्मा के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने तालाब चौराहा, सिटी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास अभियान चलाया। टीम में जिला प्रोबेशन विभाग से सह परिवीक्षा अधिकारी दीपक चौहान, आउटरीच कार्यकर्ता कैलाश चन्द्र, वन स्टॉप सेंटर से फारिया नूसी तथा श्रम विभाग से श्रम निरीक्षक दिनेश कुमार और सहायक कर्मी प्रेम सिंह शामिल रहे।
अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों से चार बच्चों को रेस्क्यू किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, बालश्रम से संबंधित मामले सामने आने पर चार दुकान मालिकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान आमजन को बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम से होने वाली समस्याओं के प्रति जागरूक किया। लोगों को शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों 1090, 1098, 1076, 112 और 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की गई।








