Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 नवंबर। ग्रामीण परिवारों को घर-घर स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं के विकास और उनके बेहतर संचालन पर जोर दिया जा रहा है। जनपद के कुल 646 ग्रामीण गांवों में से 46 गांव जल निगम की पुरानी पेयजल योजनाओं से आच्छादित हैं, जबकि शेष 600 गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत योजनाएं विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन और विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने सुल्तानपुर और नगला बाबू गांवों में पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों गांवों में जलार्पण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जिले में जल जीवन मिशन के तहत 600 गांवों में पेयजल योजनाओं का विकास किया जा रहा है। इनमें 119 गांवों की योजनाएं ट्रायल रन की स्थिति में हैं, जबकि 428 गांवों में निर्माण कार्य जारी है। वहीं, जल निगम की पुरानी योजनाओं से आच्छादित 46 गांवों में से 42 गांवों में आंशिक जलापूर्ति हो रही है। पेयजल संबंधी समस्याओं के निस्तारण की व्यवस्था के तहत अब तक दर्ज 638 शिकायतों एवं सुझावों में से 612 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 26 लंबित मामलों पर कार्रवाई की जा रही है।

राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के क्षेत्रीय सम्मेलन के क्रम में टीम ने सुल्तानपुर पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पंप हाउस का जायजा लेने के साथ फील्ड टेस्टिंग किट (एफटीके) के माध्यम से जल गुणवत्ता की जांच की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा वर्षा जल संचयन की व्यवस्था, गांव में प्रतिदिन होने वाली जलापूर्ति तथा पानी की टंकी की स्वच्छता और सुरक्षा को भी परखा। इस अवसर पर जलार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल प्रभातफेरी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छ पेयजल एवं जल संरक्षण का संदेश देने वाले बच्चों को राष्ट्रीय जल जीवन मिशन की डिप्टी डायरेक्टर कृतिका कुलहरि ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। जल जीवन मिशन के क्षेत्रीय सम्मेलन के तहत राष्ट्रीय जल जीवन मिशन और उत्तराखंड की टीम ने नगला बाबू पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के अपर सचिव एवं मिशन निदेशक कमल किशोर सोन, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह तथा पेयजल एवं स्वच्छता मिशन, उत्तराखंड के सचिव रणवीर सिंह चौहान सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने योजना की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों के घरों का भ्रमण किया और नल से मिलने वाले पेयजल का उपयोग भी किया। टीम ने एफटीके के माध्यम से पानी की गुणवत्ता की जांच करने वाली महिलाओं से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल संचयन एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में शुद्ध पेयजल के महत्व और योजना के बेहतर संचालन में सामुदायिक भागीदारी की भूमिका बताई गई। इस दौरान जल संरक्षण पर आधारित लघु नाटक भी प्रस्तुत किया गया। अधिशासी अभियंता मोहित कुमार ने कहा कि ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन के तहत विकसित पेयजल योजनाओं के सुचारु संचालन, जल गुणवत्ता की नियमित जांच और समयबद्ध रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के साथ योजनाओं का लंबे समय तक बेहतर संचालन सुनिश्चित करना भी जरूरी है। इसके लिए पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण, जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी तथा योजनाओं के रखरखाव में ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सहभागिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page