
हाथरस 28 नवंबर। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों तथा प्रभारी जनपद न्यायाधीश के आदेशानुसार शनिवार को जनपद न्यायालय में मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत में न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी, अधिवक्तागण एवं वादकारी उपस्थित रहे। विशेष लोक अदालत के दौरान कुल 225 वादों का निस्तारण किया गया तथा 99,500 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूल किए गए। इनमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूरज मिश्रा के न्यायालय से सर्वाधिक 182 वादों का निस्तारण करते हुए 93,000 रुपये अर्थदंड वसूला गया।
इसी क्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपकनाथ सरस्वती के न्यायालय से 22 वादों का निस्तारण कर 1,000 रुपये, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद आकांक्षा तिवारी के न्यायालय से एक वाद का निस्तारण कर 500 रुपये तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट खुशबू चन्द्रा के न्यायालय से 15 वादों का निस्तारण कर 2,500 रुपये अर्थदंड वसूला गया। वहीं, सिविल जज (कनिष्ठ श्रेणी) एफटीसी कोर्ट संख्या-2 के न्यायालय से अरिजीत सिंह द्वारा पांच वादों का निस्तारण करते हुए 2,500 रुपये अर्थदंड वसूल किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, की सचिव अनु चौधरी ने लोक अदालत के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं संबंधित लोगों का आभार व्यक्त किया।








