
हाथरस 28 नवंबर। जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद, नई दिल्ली एवं एसआईएस सिक्योरिटी कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में दिसंबर माह में विभिन्न विकास खंडों में रोजगार शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से सुरक्षा कार्यों में रुचि रखने वाले युवाओं का पंजीकरण कर उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने के बाद रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विकास खंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों का पंजीकरण कर उन्हें सुरक्षा कार्यों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके उपरांत रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 एवं 8 दिसंबर को विकास खंड कार्यालय मुरसान, 9 एवं 10 दिसंबर को विकास खंड कार्यालय सादाबाद, 11 दिसंबर को विकास खंड कार्यालय सहपऊ, 16 एवं 17 दिसंबर को विकास खंड कार्यालय सासनी तथा 18 एवं 19 दिसंबर को विकास खंड कार्यालय सिकंदराराऊ में रोजगार शिविर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 21 एवं 22 दिसंबर को विकास खंड कार्यालय सादाबाद तथा 28 एवं 29 दिसंबर को विकास खंड कार्यालय में रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने संबंधित विकास खंड अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवाओं तक इन शिविरों की जानकारी पहुंचाएं। इसके लिए ग्राम प्रधानों, व्हाट्सएप ग्रुप एवं अन्य प्रचार माध्यमों का सहयोग लिया जाए, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक अभ्यर्थी शिविरों में पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठा सकें।









