सादाबाद 28 नवम्बर । विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार और रविवार को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। अभियान में महिला मतदाताओं और युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अभियान के तहत एसआईआर प्रक्रिया के बाद सूची में नाम शामिल नहीं हो पाने वाले पात्र नागरिकों, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा विवाह के बाद परिवार में आईं नई महिला सदस्यों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 79 विधानसभा क्षेत्र सादाबाद के रोशन लाल गौतम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर सुपरवाइजर अमरीश अग्रवाल की मौजूदगी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने महिला मतदाताओं से अधिक से अधिक महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे अपना नाम सूची में अवश्य दर्ज कराएं। पात्र महिलाएं भी पंजीकरण कराएं, ताकि कोई मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। मतदान केंद्र पर फॉर्म संख्या 6, 7 और 8 से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। बूथ संख्या 306 से 311 तक विजय सिंह, हुमा अकील, रेवती रमन शर्मा, हर्षित गुप्ता, पुनीत सिंह और अनुज गौतम बीएलओ के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट शालू सैनी, चेयरमैन प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल, सभासद चरण सिंह सागर, प्रधानाध्यापक सौरभ शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। प्रशासन ने मतदाता सूची में महिला-पुरुष लिंगानुपात सुधारने और 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के घर जाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं।








