Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 नवंबर। जनगणना-2027 के प्रति आमजन को जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत तिवारी के साथ प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वगणना एवं जनगणना प्रक्रिया की जानकारी देगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 30 नवंबर तक स्वगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें। पोर्टल पर पूछे गए सभी 40 सवालों के सही एवं सटीक जवाब भरें। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त होने वाली स्वगणना आईडी को सुरक्षित रखें।

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने घर आने वाले प्रगणकों को पूरा सहयोग दें और परिवार से संबंधित सही, सटीक एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त होने वाले सटीक आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page