सिकन्दराराऊ (हसायन) 26 नवंबर। कोतवाली क्षेत्र में सिकंदराराऊ मार्ग पर मुर्गी फार्म के निकट गुरुवार 26 नवंबर की शाम करीब छह बजे बाइक सवार चार अज्ञात युवकों द्वारा मैजिक लोडर वाहन को ओवरटेक कर चालक और परिचालक के साथ मारपीट करते हुए डेढ़ लाख रुपये की नकदी और मोबाइल फोन छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार तालिब और शीलेश पुत्र कृपाल सिंह निवासी सराय, सिकंदराराऊ मैजिक लोडर चार पहिया वाहन में हल्दीराम ब्रांड की नमकीन लेकर हसायन कस्बे के बाजार स्थित एक व्यापारी की दुकान पर माल उतारने आए थे। माल उतारने के बाद दोनों शाम करीब छह बजे मैजिक लोडर से वापस सिकंदराराऊ जा रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही उनका वाहन सिकंदराराऊ मार्ग पर मुर्गी फार्म के निकट पहुंचा, तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने बाइक से मैजिक लोडर को ओवरटेक कर रास्ते में रुकवा लिया। इसके बाद चालक और परिचालक को वाहन से नीचे उतारकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर दोनों से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मारपीट और लूटपाट की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।








