
सादाबाद 26 नवंबर। सामाजिक कार्यकर्ता श्रुति मिश्र के संयोजन में यातायात जागरूकता अभियान के तहत सलेमपुर रोड स्थित मोहनलाल आदर्श इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण रहे। गोष्ठी में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और जीवन में अनुशासन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान अतिथियों एवं गणमान्य लोगों का माल्यार्पण, पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशपरक एवं मनोहारी कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। मुख्य अतिथि सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम संयोजक श्रुति मिश्र और उनकी बड़ी बहन शैलजा मिश्र के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने अपने छात्र जीवन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अच्छी संगत, सही दिशा का चयन, समय का सदुपयोग, ज्ञान अर्जित करना और अनुशासित रहना बेहद जरूरी है। अपने बड़े सपनों को साकार करने के लिए पूरी संकल्प शक्ति और मनोयोग से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से हमेशा हंसते-मुस्कुराते रहने तथा अपने परिजनों और गुरुजनों को परेशान न करने की अपील भी की। पर्यावरण सुरक्षा संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भवतोष मिश्र ने विभिन्न यातायात नियमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि और आर्थिक नुकसान को रोका जा सकता है। उन्होंने यातायात माह के उद्देश्य और सड़क सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी के बारे में भी जानकारी दी। समाजसेवी श्रुति मिश्र ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि 21वीं सदी में भी लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने के तौर-तरीके समझाने की आवश्यकता पड़ रही है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों की मदद के बजाय वीडियो बनाने में जुट जाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन कई लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाने में लगे रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा मुस्कान शर्मा ने सड़क हादसों में होने वाली मौतों से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, शिवकुमार शर्मा, प्रवीन कुमार उपाध्याय, राजेंद्र सिंह, पवन कुमार, संजीव कुमार, पूनम दीक्षित, भावना वर्मा, करिश्मा, वर्षा, सेजल, अंशिका गुप्ता, एंजेल गुप्ता, स्वेच्छा राना, काजल गोस्वामी, अंजलि बघेल, याना जुरैल और चंचल पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन भवानी शंकर शर्मा ने किया।








