
हाथरस 26 नवंबर। गांव मीतई में भारतीय वायुसेना में सेवारत जवान के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना छह नवंबर की बताई जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर थाना चंदपा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव मीतई निवासी हेमंत कुमार भारतीय वायुसेना में सेवारत हैं। सरकारी ड्यूटी के चलते उन्हें अक्सर घर से बाहर रहना पड़ता है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया और कीमती सामान चोरी कर ले गए। तहरीर के मुताबिक चोरी गए सामान में करीब 250 ग्राम की सात जोड़ी चांदी की पायल, नौ जोड़ी चांदी की बिछिया, चार सोने की लंबी नथ, करीब 30 ग्राम का सोने का लॉकेट चेन सहित, लगभग 20 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां और छह हजार रुपये नकद शामिल हैं। घटना से पीड़ित को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
हेमंत कुमार ने पुलिस से चोरी की घटना का खुलासा करने, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी गए जेवरात व नकदी बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद गांव में चोरी की वारदात को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और रात्रि के समय निगरानी तेज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।








