
हाथरस 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, आदर्शों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद में विभिन्न स्थानों पर शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। योजना के तहत जनपद में चिन्हित स्थलों पर बाबा साहेब और राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं के नवीनीकरण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस क्रम में लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में गुरुवार सुबह 10 बजे मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, जनपद में भी विभिन्न चयनित स्थलों पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुए।
ग्राम कचौरा में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि और सिकंदराराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम अहरई, विकासखंड सादाबाद में राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष की उपस्थिति में तथा ग्राम रामपुर, सासनी में सांसद प्रतिनिधि की मौजूदगी में शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। वहीं, हाथरस-मथुरा रोड स्थित कछपुरा में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रमों में जिला समाज कल्याण अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के निर्माण प्रखंड अलीगढ़ के अधिशासी अभियंता, समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनपद के शेष चयनित स्थलों पर जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की देखरेख में शिलान्यास और भूमि पूजन का कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराया गया। राज्य सरकार की इस योजना के माध्यम से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित राष्ट्रीय स्तर के महापुरुषों के विचारों और सामाजिक योगदान को सम्मान देने के साथ उनकी प्रतिमाओं के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।










