
हाथरस 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय संविधान की मूल भावना, आदर्शों, अधिकारों और कर्तव्यों को समझने तथा उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर देता है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग तीन हजार बच्चों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया, जिसमें आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संविधान की प्रस्तावना के प्रथम शब्द ‘हम भारत के लोग’ देश की वास्तविक शक्ति और लोकतंत्र की आधारशिला हैं। जनता अपने प्रतिनिधियों का निर्वाचन करती है और उन्हीं के माध्यम से शासन व्यवस्था संचालित होती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता प्रदान करता है। संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि नागरिकों को उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। किसी व्यक्ति का पद, आर्थिक स्थिति या सामाजिक हैसियत उसकी मानवीय गरिमा से बड़ी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि बच्चों में भी सभी के प्रति सम्मानजनक व्यवहार के संस्कार विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की विशेषता सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार है, जिसमें प्रत्येक पात्र नागरिक के मत का समान महत्व है। संविधान में मूल अधिकारों के साथ राज्य के नीति निदेशक तत्वों की व्यवस्था की गई है, जो समाज के कमजोर, वंचित वर्गों, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और दिव्यांगजनों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। पंचायतीराज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के माध्यम से सत्ता का विकेंद्रीकरण कर आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ एवं सस्ता न्याय मिलना चाहिए। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने और किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची में छूटने से बचाने के लिए सभी को जागरूक रहना चाहिए। इसके साथ ही जनगणना को भी विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प तभी साकार होगा, जब हम संविधान की मूल भावना को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाएंगे। आपसी सद्भाव, समानता, भाईचारे और विविधता में एकता की भावना को मजबूत बनाकर ही सशक्त लोकतंत्र एवं विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंत्री सहित अधिवक्ताओं तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी संविधान दिवस के महत्व एवं संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जिला सूचना अधिकारी, कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।










